डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत टिक्कर ब्राह्मणा में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी की यह घटना पांच दिन पहले की है। पीड़ित विजय कुमार के अनुसार घर से लाखों के गहने और 35 हजार की नकदी चोरी हुई है।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को उन्होंने अपने बेटे का विवाह तय किया था। इसके बाद वह 30 अक्तूबर को आभूषण, सामान व नगदी को घर में छोड़कर पंचकुला में स्थित मकान में चले गए। इसके बाद 10 नवंबर को उनके भतीजे ने फोन किया कि घर के दरवाजे के ताले टूटे हुए हैं, जिसे देखकर लगता है कि घर में चोरी हो गई है।
सूचना मिलने के बाद घर पहुंचे तो घर के अंदर का मंजर देखकर हैरान रह गए। घर के अंदर रखे सोने-चांदी के गहने, दो अंगूठी, एक जरकन गले का हार, चांदी के दो बड़े व दो छोटे कंगन, एक पायल की जोड़ी गायब हो गई हैं। वहीं, 35 हजार रुपये भी गायब हैं।
इसके अलावा दो हजार रुपये के सिक्के भी चोरी हो गए हैं। शातिरों ने कपड़ों पर भी हाथ साफ कर लिया है। विजय कुमार ने बताया कि चोर घर के साथ बने बाथरूम से अंदर घुसे और मुख्य दरवाजा तोड़ दिया। इसके अलावा दो शगुन के लिफाफे से भी शगुन निकाल कर ले गए हैं।
विजय कुमार ने बताया कि सड़क के साथ बने एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दस अक्तूबर को सुबह 5:00 बजे एक नैनो गाड़ी नीचे को जाती हुई दिखाई दे रही है, जो 10 मिनट बाद दोबारा वापस आती है। इसके बाद वह फिर हमीरपुर की ओर चली जाती है। यह गाड़ी कैहडरू के समीप एक होटल से गुजरती हुई नजर आई, लेकिन कोहली के पास गाड़ी का पता नहीं चला।
हालांकि अभी तक इस मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि मामले में जांच जारी है।