जाहू/भरेड़ी(हमीरपुर)। लंबे समय से बदहाली और जलभराव की समस्या से जूझ रहे जाहू बस अड्डे में वीरवार को मरम्मत और सुधार कार्य शुरू हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम करीब 70 लाख रुपये की लागत से नालियों का निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने का काम करवा रहा है।
फिलहाल बस अड्डे में नालियों का निर्माण शुरू किया गया है। इसके बाद परिसर के विभिन्न हिस्सों में पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है।
उचित निकासी व्यवस्था न होने से बस अड्डे में लंबे समय से गंदगी, कीचड़ और जलभराव की समस्या थी। जगह-जगह पड़े गड्ढों में सरिया बाहर निकल आया था, जिससे दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। काम शुरू होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने राहत की उम्मीद जताई है।
वहीं, एसडीएम भोरंज शशिपाल ने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर बस अड्डे की सुविधा मिलेगी।