मेडिकल कॉलेज के आपातकाल कक्ष के बाहर लगाया बोर्ड। -संवाद
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जीवन दायिनी रोगी वाहन की सुविधा लेना अब मरीजों के लिए और सरल हो गया है। चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) के अलावा अब आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी से भी इस वाहन की सुविधा लेने के लिए स्वीकृति ली जा सकती है।
मेडिकल कॉलेज ने आपातकालीन कक्ष के बाहर बोर्ड लगाए हैं। इनमें जानकारी दी गई है कि मरीज या उनके तीमारदार 108 हेल्पलाइन या आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर इस वाहन की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। पहले यह स्वीकृति केवल चिकित्सा अधीक्षक से ही मिलती थी। इससे रात के समय मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती थी।
मगर अब अस्पताल की रोगी कल्याण समिति ने लोगों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में बोर्ड में चस्पां कर दिए हैं। बोर्ड पर योजना का लाभ लेने के लिए अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी या फिर 108 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। रोगी वाहन का शुल्क 20 रुपये प्रति किलोमीटर है। यह रेट रोगी कल्याण समिति द्वारा निर्धारित किया गया है।
जीवन दायिनी रोगी वाहन की सुविधा लेने के लिए 108 या आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए बोर्ड आपातकालीन कक्ष के बाहर लगाए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
-अजय शर्मा, एमएस, डॉ राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर