आईपीएच विभाग ने एक कारनामा कर उपभोक्ताओं को चौंका दिया है। बिझड़ी विकास खंड के कई उपभोक्ताओं को पानी का डबल बिल थमा दिया है। जो बिल चुका दिया है उसकी राशि दूसरे बिल में जोड़ दी गई है।
इससे उपभोक्ताओं के होश उड़ गए हैं। लोगों का कहना है कि उन्हें एक साल बाद विभाग ने बिल दिया है। इसमें पिछले बिल की राशि जमा की गई है जबकि उन्होंने लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से पिछला बिल जमा करवा दिया है।
दिसंबर 2014 में पानी का बिल आया था।
उसका लोकमित्र केंद्रों में माध्यम से भुगतान कर दिया था। जनवरी 2016 में आए पानी के बिल में 2014 के बिल को भी शामिल कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं में विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति रोष है।
क्षेत्र के करीब 200 परिवारों को पानी के डबल बिल दिए गए हैं। उपभोक्ता ईश्वर दास, पप्पू सोनी, राजेंद्र पाल, विधि सिंह, प्रमोद सिंह, प्रेम दास, प्रभु दयाल ने बताया कि उन्हें पानी का डबल बिल थमा दिया गया है। कहा कि पिछले बिल का भुगतान कर दिया गया है।
विभाग गलती को लोकमित्र केंद्र के गले मढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर विभाग के पास पिछले बिल जमा होने का रिकार्ड नहीं था तो इस बारे उपभोक्ताओं को अवगत क्यों नहीं करवाया गया। लोगों ने विभाग से बिलों में सुधार की मांग की है।
..........
लोकमित्र केंद्र में जमा हुए बिलों का डाटा दो दिन पहले ही विभाग के पास पहुंचा है। इसमें विभागीय गलती न होकर लोकमित्र केंद्र संचालक की लापरवाही है। जिस कारण डबल बिल जारी हुए हैं।
-एचआर शर्मा, सहायक अभियंता आईपीएच बिझड़ी