एसबीपीओ और पीआई की कमेटी खंगाल रही रिकाॅर्ड
उपप्रधान ने लगाए थे प्रधान पर कई आरोप
पंचायत प्रधान ने कहा- नियमों के तहत हो रहे सब कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। ग्राम पंचायत लंबलू में उपप्रधान की कुर्सी कोर्ट रूम से हटाने और प्रधान पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू हो गई है। उपप्रधान सुरेंद्र कुमार ने उपायुक्त हमीरपुर को 19 अगस्त को लंबलू पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों में अनियमिताओं की जांच करने की मांग उठाई थी। इस पर बमसन विकास खंड से एसबीपीओ रवि कुमार और पीआई की जांच टीम ने पंचायत घर में पहुंचकर जांच की और रिकाॅर्ड खंगाला। एसबीपीओ रवि कुमार ने कहा कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट पूरी होने पर डीआरडीए और जिला पंचायत अधिकारी को सौंपी जाएगी। वहीं, पंचायत प्रधान केसी चौहान ने उपप्रधान पर लगाए जा रहे निराधार आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि पंचायत में सभी कार्य नियमों के अनुसार चले हुए हैं।
लंबलू पंचायत में कोर्ट रूम से उपप्रधान की कुर्सी हटाए जाने से शुरू हुआ विवाद उपायुक्त, बीडीओ और जिला पंचायत अधिकारी तक पहुंचा। इसके बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। उपप्रधान सुरेंद्र कुमार ने 28 जुलाई को डीसी को सौंपी शिकायत पर कार्रवाई न होने पर 19 अगस्त को नए आरोपों के साथ एक एप्लीकेशन और उपायुक्त कार्यालय में जमा करवा दी। इसके बाद पंचायत कार्यों की जांच शुरू कर दी गई है। उप प्रधान और अन्य पंचायत सदस्यों के लिखित बयान जांच कमेटी के रिकाॅर्ड में दर्ज हो चुके हैं। आवश्यक दस्तावेज लेकर और बयान दर्ज कर सारी रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए डीआरडीए और जिला पंचायत अधिकारी के पास भेजी जाएगी।