हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। दो घंटे से अधिक समय तक इंटरनेट सेवा ठप रहने से ओपीडी व्यवस्था चरमरा गई। पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि कैश काउंटर पर भी भारी भीड़ देखने को मिली।
समय : दोपहर 12:10 बजे, स्थान : मेडिकल कॉलेज हमीरपुर।
सुबह से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित नजर आईं। करीब दो घंटे से अधिक समय तक इंटरनेट सेवा बंद रहने के कारण ऑनलाइन माध्यम से ओपीडी की पर्चियां नहीं बन सकीं।
इसका सीधा असर मरीजों पर पड़ा और पंजीकरण काउंटर के बाहर लंबी कतारें लग गईं। इंटरनेट ठप होने से कैश काउंटर पर भी मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ बढ़ती चली गई। कई लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं को उठानी पड़ी। गर्मी से बेहाल मरीज अपनी बारीं का इंतजार कर रहे हैं। उधर, गायनी ओपीडी के बाहर भी भीड़ के चलते अव्यवस्था का माहौल बन गया।
भीड़ नियंत्रित करने के दौरान कुछ तीमारदारों की सुरक्षा कर्मियों से बहस भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बॉक्स
लिफ्ट दोबारा खराब, मरीज परेशान
इतना ही नहीं, मरीजों की सुविधा के लिए लगी लिफ्ट भी एक बार फिर खराब हो गई। इससे ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने वाले मरीजों और बुजुर्गों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा। कुछ दिन पहले भी करीब एक सप्ताह तक लिफ्ट खराब रही थी। लगातार सामने आ रही इन समस्याओं के बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। मरीजों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दस रुपये का पर्ची शुल्क देने के बाद भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं मिल रहा है।
कोट
इंटरनेट सेवा प्रभावित होने की सूचना मिली थी। कुछ समय बाद सेवाएं ठीक हो गई थीं। लिफ्ट को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के कैश कांउटर पर खड़े मरीज। संवाद
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के कैश कांउटर पर खड़े मरीज। संवाद