हमीरपुर। भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभम पठानिया व मीडिया प्रभारी अखिल ठाकुर ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि बूथ स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। एक बूथ दस यूथ के कार्यक्रम के तहत बूथ स्तर पर संवाद कर लक्ष्यों को हासिल किया जाएगा।
इसके लिए जिला हमीरपुर में कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें उन्होंने एक लाख ऐसे युवाओं को नेतृत्व में लाने का लक्ष्य रखा है, जिनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
युवा नेताओं ने कहा कि चार दिसंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित प्रदेश सरकार के भाजपा के प्रदर्शन में हमीरपुर युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस घेराव में भाजयुमो के हर मंडल में कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। इस प्रदर्शन के जरिये पांच लाख रोजगार का झूठा झांसा देने वाली सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन गारंटियों में से कांग्रेस अभी तक एक भी गारंटी को पूरा नहीं कर पाई है, जिस कारण लोगों ने सरकार के प्रति आक्रोश व्याप्त है।