हमीरपुर। डाेर-टू-डोर गारबेज उठाने की एवज में वसूले जाने वाला शुल्क अब ऑनलाइन वसूला जाएगा। नगर निगम हमीरपुर ने इसके लिए धरातल पर कवायद शुरू कर दी है। योजना को अमलीजामा पहनाते हुए अब तक पांच हजार परिवारों व दुकानदारों को पंजीकृत भी कर दिया गया है।
इसके साथ ही अन्य परिवारों को पंजीकरण करने का सिलसिला जारी है। इन परिवारों को व दुकानदारों को दिसंबर के अंत तक जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम हमीरपुर के तहत करीब आठ हजार दुकानदार, किरायेदार व अन्य परिवार हैं। इनमें नगर निगम ने पांच हजार परिवारों को पंजीकृत करवा दिया है।
ऑनलाइन शुल्क वसूलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद सबसे अधिक लाभ नगर निगम को होगा, क्योंकि अगर कोई व्यक्ति एनओसी लेना चाहेगा तो उसका पूरा डाटा ऑनलाइन सामने आ जाएगा और अगर कोई भुगतान लंबित होगा तो उसे भुगतान करने के बाद ही एनओसी प्राप्त होगी। नगर निगम के तहत 15 वार्ड हैं। इनमें से अधिकांश वार्डों में डोर-टू-डोर गारबेज उठाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
ऐसे में नगर निगम ने गारबेज उठाने की एवज में वसूले जाने वाले शुल्क को ऑनलाइन लेने का फैसला किया है। वर्तमान समय में गारबेज शुल्क ऑफलाइन ही वसूला जाता है। अगर किसी व्यक्ति ने शुल्क जमा नहीं करवाया है तो उसे मैनुअल ही नोट किया जाता है। ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करने के लिए प्रत्येक पंजीकृत परिवार की एक यूनिक आईडी बनाई जाएगी, जो आधार कार्ड से जुड़ी होगी।
इसमें पंजीकृत परिवार शहरी विकास सेवा पोर्टल पर जाकर अपनी यूनिक आईडी नंबर डालकर शुल्क का भुगतान कर सकता है। अगर कोई व्यक्ति ऑनलाइन भुगतान करने में वंचित रह जाता है, तो वह एक साथ भी भुगतान कर सकता है।
कोट :
नगर निगम हमीरपुर के तहत गारबेज उठाने की एवज में लिया जाने वाला शुल्क ऑनलाइन वसूला जाएगा। इसके लिए दुकानदारों, परिवारों व किरायेदारों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
-राम प्रसाद, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर