अभी तक 50 विद्यार्थियों के ही शिक्षा विभाग को प्राप्त हुए आवेदन
15 सितंबर के बाद आवेदन के लिए नहीं बढ़ेगी तिथि, शीघ्र करना होगा आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के लिए इस बार आवेदन प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही है। आवेदन में तकनीकी समस्या भी आड़े आ रही है। जिले में अभी तक योजना के तहत 50 ही विद्यार्थियों ने आवेदन किया है जबकि आवेदन प्रक्रिया पहली जुलाई से शुरू हो चुकी है। यूजर आईडी के अपडेट न होने के कारण विद्यार्थियों को आवेदन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन के लिए प्रत्येक छात्र की आईडी अपडेट की जाती है। ऐसे में अपडेट न होने के कारण विद्यार्थियों का आवेदन रद्द हो जाता है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत निजी और सरकारी स्कूलों से छठी और दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थी पात्र होते हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में विद्यार्थियों की रुचि को ध्यान में रखते हुए उन्हें मॉडल बनाने के लिए 10 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
जिले में 735 सरकारी और 300 निजी स्कूल हैं। केंद्र सरकार की तरफ से विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के तहत राष्ट्रीय नव प्रवर्तन की ओर से कक्षा छह से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए इंस्पायर अवार्ड योजना शुरू की गई है। पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों का चयन होने पर 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। मंडल, राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विदेश यात्रा का भी अवसर मिलता है। विभाग की तरफ से ब्लॉकवार नोडल अधिकारियों की तैनाती तो कर दी गई है लेकिन स्कूलों से विद्यार्थियों के आवेदन बहुत कम आ रहे हैं। पूर्व में ग्रीष्मकालीन अवकाश और अब यूजर आईडी आवेदन के बीच बाधा बनी हुई है। विभाग की ओर से आवेदन के लिए 15 सितंबर अंतिम तिथि रखी गई है। इसके उपरांत तिथि में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। ऐसे में विद्यार्थियों को जिला विज्ञान पर्यवेक्षक कार्यालय की ओर से शीघ्र आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
कोट
इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया चल रही है। पंजीकरण कराने की रफ्तार तेज करने के लिए माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है। नोडल अधिकारियों से विद्यालयवार रिपोर्ट मांगी गई है। आवेदन के लिए 15 सितंबर अंतिम तिथि रखी गई है इसके उपरांत तिथि को नहीं बढ़ाया जाएगा।
राजेश गौतम जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर।