नगर परिषद हमीरपुर की बैठक में मौजूद पीजी एवं कोचिंग संचालक। संवाद।
दो दिन बाद पीजी के निरीक्षण के लिए फील्ड में उतरेंगी टीमें, होगी वीडियोग्राफी
पीजी संचालन व्यवस्था में सुधार को लेकर टाउन हॉल में किया मंथन
पीजी और कोचिंग सेंटर संचालकों ने बैठक में लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की टाउन हॉल में वीरवार को हुई बैठक में पीजी (पेइंग गेस्ट) संचालन व्यवस्था पर मंथन हुआ। नगर परिषद, पुलिस अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह बैठक हुई। इसमें 30 पीजी और कोचिंग सेंटर संचालकों ने हिस्सा लिया। बैठक में डीएसपी सुनील कुमार ने भी अपने विचार रखे। उनके साथ फूड सेफ्टी विभाग, व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने भी विचार रखे। साथ ही पीजी संचालकों की समस्याओं को सुना गया।
नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने बैठक में पीजी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान दो दिन के भीतर पीजी के निरीक्षण का निर्णय लिया गया है। यह निरीक्षण संबंधित विभागों की निगरानी में होगा। इस निरीक्षण के कार्य को 20 दिन के भीतर पूरा किया जाएगा। इसकी बाकायदा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की जाएगी। निरीक्षण की यह रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने कहा कि बैठक में पीजी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। इसमें पीजी में जाकर निरीक्षण का निर्णय लिया गया है। डीसी हमीरपुर के निर्देशों पर यह कार्य किया गया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी बैठक में सुझाव रखे हैं। अब पीजी संचालन की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा ताकि एजुकेशन हब हमीरपुर में विद्यार्थियों को बेहतर खानपान की सुविधा मिल सके। इस बैठक में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास, सभी पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बायलॉज को लेकर नप के हाउस में होगा निर्णय
नगर परिषद हमीरपुर की आगामी मासिक बैठक में पीजी संचालन को लेकर बायलाॅज बनाने का निर्णय लिया जाएगा। जमीनी स्तर पर व्यवस्था को जांचने के बाद यह निर्णय लिया जाएगा। पीजी पंजीकरण और इसकी दरें भी तय होंगी। व्यावसायिक भवनों की तर्ज पर वर्तमान में इन पीजी संचालकों से फीस ली जा रही है, लेकिन व्यापक व्यवस्था न होने से अधिकतर पीजी बिना पंजीकरण के चल रहे हैं।