सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनाल में शनिवार को विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील कल्याण अधिकारी सुजानपुर सिमरो देवी ने की। इस दौरान उन्होंने भारत में बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर चर्चा की।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी करतार सिंह ने कहा कि प्रदेश में बुजुर्गों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार को सख्त कानून बनाने की आवश्यकता है। तहसील कल्याण अधिकारी सिमरो देवी ने प्रदेश सरकार की ओर से बुजुर्गों के लिए चलाई गई योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में बनाल पंचायत उपप्रधान मनीष कुमार, मुख्याध्यापक रवि शर्मा, बीडीसी सदस्य सुमन, कर्नल सरवन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।