हमीरपुर। महंगाई की मार अब दूध की खपत पर भी पड़ने लगी है। पैकेट बंद दूध के दाम बढ़ने के बाद ग्राहकों ने इसकी खरीद कम कर दी है। प्रदेश में 12 नवंबर से अमूल, मदर डेयरी और वेरका के दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रतिलीटर तक बढ़ोतरी हुई है।
इससे आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है। पहले रोजाना अधिक मात्रा में दूध खरीदने वाले ग्राहक अब जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं।दामों में बढ़ोतरी के बाद अमूल का दूध 74 रुपये से बढ़कर 78 रुपये प्रतिलीटर हो गया है।
वहीं, वेरका के दूध की कीमत 76 रुपये से बढ़कर 80 रुपये प्रतिलीटर पहुंच गई है। सुपर फुल क्रीम दूध भी 72 रुपये के बजाय अब 76 रुपये प्रतिलीटर मिल रहा है।
दुकानदारों के अनुसार दूध महंगा होने के बाद ग्राहक पहले के मुकाबले कम मात्रा में इसकी खरीद कर रहे हैं। इसका असर दूध की मांग पर भी पड़ा है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी से मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
कोट्स
दूध के दाम बढ़ने के बाद ग्राहकों को अब हर लीटर पर चार रुपये अधिक देने पड़ रहे हैं। रोजाना दूध खरीदने वाले ग्राहक कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
-सुरेंद्र कुमार शर्मा, दुकानदार हमीरपुर
दूध रोजमर्रा की जरूरत है। दाम बढ़ने से ग्राहक पहले के मुकाबले कम दूध की खरीद कर रहे हैं, जिससे दूध की मांग कम हुई है।
-तरुण डोगरा, संचालक वेरका स्टोर
घर में रोज दूध की जरूरत रहती है। चार रुपये प्रतिलीटर की बढ़ोतरी से महीने का खर्च बढ़ जाएगा। पहले ही रसोई का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है।
-कश्मीर सिंह, निवासी सरेड़ा
दूध के साथ दूसरी खाद्य वस्तुएं भी महंगी हो रही हैं। आमदनी सीमित है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ रहा है। सरकार और कंपनियों को आम लोगों की परेशानी का ध्यान रखना चाहिए।
-राजेश कुमार, ग्राहक सुजानपुर
बिझड़ी बाजार में दूध की खरीददारी के दौरान दूध के रेट पूछते ग्राहक। संवाद
बिझड़ी बाजार में दूध की खरीददारी के दौरान दूध के रेट पूछते ग्राहक। संवाद
बिझड़ी बाजार में दूध की खरीददारी के दौरान दूध के रेट पूछते ग्राहक। संवाद
बिझड़ी बाजार में दूध की खरीददारी के दौरान दूध के रेट पूछते ग्राहक। संवाद