बोलीं, भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा रहे तिरंगे की शान
हमीरपुर। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उषा बिरला ने कहा कि भारत खेलों की दुनिया में जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित अनेक खेलों में भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ा रहे हैं।
मीडिया को दिए बयान में उषा बिरला ने कहा कि खेलों में बढ़ता भारत, वीरता में बढ़ता भारत और हर क्षेत्र में आगे बढ़ता भारत ही आज के नए भारत की पहचान है। देश के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के दम पर विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का खेल मंत्री के रूप में कार्यकाल भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनके कार्यकाल में खेलो इंडिया, खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए।