हमीरपुर डिपो में दिल्ली के एक रूट पर पचास हजार के करीब होती थी कमाई, अब 5 हजार बची
दिल्ली से आने वाली आपूर्ति प्रभावित
वाया शाहबाद 90 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा तय
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदर्शन से हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर से चलने वाली सात बसों की सवारियों पर इसका असर पड़ा है। डिपो की सात बसों के लिए केवल 60 ऑफलाइन टिकट ही बुक हो पाई हैं। इससे डिपो को होने वाली हजारों की आमदनी पर असर पड़ा है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से सीमाओं को सील कर दिए जाने के बाद बसों को वाया शाहबाद भेजा जा रहा है। सामान्य दिनों में एक बस की कमाई पचास हजार के करीब होती थी जो कम होकर अब पांच हजार रह गई है। घाटे की वजह से अब बसों को मर्ज किया जा सकता है। इससे रूट में कटौती होने की संभावना है।
लोगों में दिल्ली जाने के लिए भय का माहौल बना हुआ है। डिपो हमीरपुर से दिल्ली के लिए आठ बसें चलती हैं। इनमें से अधिकतर बसें शाम के वक्त ही दिल्ली के लिए चलती हैं। वोल्वो हमीरपुर दिल्ली वाया भगेड़, हमीरपुर दिल्ली वाया ऊना, पालमपुर दिल्ली, साधारण किराया बस अवाहदेवी दिल्ली वाया ऊना, साधारण किराया बस, हमीरपुर दिल्ली वाया रंगस, धनेटा, हिमसुता डीलक्स बस नॉन एसी हमीरपुर दिल्ली वाया भगेड़, हमीरपुर वृंदावन वाया भगेड़, साधारण किराया बस हमीरपुर दिल्ली वाया गलोड़ शामिल हैं। अंबाला, चंडीगढ़ हाईवे बंद होने के कारण इन बसों को अब वाया साहा, शाहबाद या फिर साहा, लाडवा, पिपली, करनाल होकर भेजा जा रहा है ताकि यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। दिल्ली और हरियाणा में चल रहे किसानों के प्रदर्शन से मंगलवार को दिल्ली के सभी रूट बाधित रखे गए थे लेकिन बुधवार को दोबारा सभी रूट पहले की तरह चलाने का निर्णय लिया। दिल्ली से वापसी पर एचआरटीसी की बसों को सवारियां नहीं मिल पा रही थीं। सवारियों को क्लब करके कुछ बसों से हिमाचल पहुंचाया गया है। वाया शाहबाद होकर निगम की बसें चलने से 90 किलोमीटर अतिरिक्त सफर सवारियों को करना पड़ रहा है। निगम प्रबंधन हालांकि सवारियों से इस अतिरिक्त सफर का किराया नहीं वसूल रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम शिमला का लैंडलाइन नंबर 0177- 2658765, दिल्ली का नंबर 011-23868694 और चंडीगढ़ का मोबाइल नंबर 94633-78026 जारी किए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कोट
हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि दिल्ली में किसान आंदोलन से बसों को अब वाया शाहबाद होकर भेजा जा रहा है। इससे यात्रियों को 90 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली से तीन बसें हमीरपुर अड्डे पर पहुंची हैं। वीरवार को हमीरपुर से डिपो प्रबंधन ने सात बसें दिल्ली के लिए रवाना की हैं।
संपादन देश राज अत्री