विधायक रंजीत सिंह महाराणा प्रताप चौक का विधिवत लोकार्पण करते हुए। स्रोत : कांग्रेस
सुजानपुर(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने रविवार को टैक्सी स्टैंड, ट्राला स्टैंड तथा डोली स्थित महाराणा प्रताप चौक का लोकार्पण किया। विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि पहले टैक्सी स्टैंड की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।
बरसात के दिनों में वहां पानी भर जाता था, जगह-जगह गड्ढे होने के कारण टैक्सी चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि बिना किसी भूमि पूजन और उद्घाटन के होली मेले से पहले ही टैक्सी स्टैंड को पक्का करवाकर टैक्सी धारकों के हवाले कर दिया गया था। लगभग एक वर्ष बाद आज इसका औपचारिक उद्घाटन किया गया है।
इसके उपरांत विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने डोली में निर्मित महाराणा प्रताप चौक का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह चौक केवल एक साज-सज्जा नहीं, बल्कि महान योद्धा और सम्राट महाराणा प्रताप की वीरता व स्वाभिमान की जीवंत स्मृति है। यह चौक आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान और शौर्य की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।