दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। प्रचंड गर्मी के बीच रविवार को 40 हजार भक्तों ने सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में पवित्र गुफा के दर्शन कर शीश नवाया। तेज धूप और 40 डिग्री तापमान के बीच भक्त दिनभर पवित्र गुफा के दर्शन के लिए कतारों में लगे रहे। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया।
शनिवार देर शाम से ही पंजाब से भक्त पैदल यात्रा करते हुए मंदिर में पहुंच गए थे। रविवार को पूरा दिन बाबा बालक नाथ का मंदिर जयकारों और भजन कीर्तनों से गूंजता रहा। प्रचंड गर्मी के बीच मंदिर के बाहर यातायात को सुचारू और व्यवस्थित रूप से चलाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, मंदिर परिसर में भी भक्तों को शांतिपूर्वक दर्शन कराने के लिए सुरक्षा कर्मी तैनात रहे।
मंदिर परिसर में बाबा बालक नाथ हेल्प क्लब की ओर से भक्तों के लिए ठंडे मीठे जल का प्रबंध भी किया गया। प्रचंड गर्मी के बीच मंदिर में दर्शन करने पहुंच रहे भक्तों को क्लब सदस्यों ने ठंडा मीठा पानी पिलाया। मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों के मुताबिक यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।