सुजानपुर(हमीरपुर)। खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर में शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी किशोरी लाल ने की।
समिति के सदस्यों ने पंचायत स्तर पर लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को शुरू करने में बरती जा रही लेटलतीफी का विरोध जताया। इस पर खंड अधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना तैयार करके रुके कार्य को शुरू करवाने का आश्वासन दिया। बैठक में पंचायत समिति के सदस्य अमरदीप राणा ने कहा कि वर्ष 2021-22 और 2022 23 के बजट में शामिल किए गए कार्य को अभी तक शुरू नहीं किया गया है, जिससे परेशानी हो रही है।
पंचायत समिति अध्यक्ष आरती देवी के अलावा विभिन्न पंचायत समिति सदस्यों ने विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसमें मुख्यत: सड़क, बिजली, पानी और डंगे आदि के निर्माण कार्य को लेकर प्रस्ताव रखे गए। बैठक में सुजानपुर विकास खंड की पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद