बड़सर मिनी सचिवालय में तीन दिन से नोटरी अपने कुर्सी टेबल के लिए कर रहे संघर्ष
दूसरे जिलों से राजस्व संबंधी कार्य करवाने लिए पहुंचे लोग हुए परेशान
सीएम दौरे में व्यस्त रहे अधिकारी, दिनभर राह ताकते रहे नोटरी कर्मी और लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री का बड़सर दौरा रद्द होने के चलते मिनी सचिवालय बड़सर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण नहीं हो सका है। भवन के लोकार्पण की तैयारियों के बीच पुराने एसडीएम कार्यालय परिसर में नोटरी का कार्य करने वाले 6 लोगों ने अधिकारियों के कहने पर कुर्सी, टेबल और अन्य दस्तावेजों को नवनिर्मित मिनी सचिवालय भवन में शुक्रवार को ही शिफ्ट कर दिया। इन लोगों का दावा है कि अधिकारियों के कहने पर उन्होंने सामान को शिफ्ट किया, लेकिन सीएम का दौरा रद्द होने के तीसरे दिन भी उनका सामान अंदर ही पड़ा है जबकि अधिकारियों का तर्क है कि किसी कर्मी अथवा नोटरी को सामान शिफ्ट करने के निर्देश नहीं दिए गए थे।
मिनी सचिवालय के गेट पर ताला लगने से सोमवार को दिनभर नोटरी कार्य नहीं हो पाए। स्थानीय लोगों के साथ दूसरे जिलों से यहां पर पहुंचे लोग नोटरी की सुविधा न मिलने के चलते राजस्व कार्य करवाने से वंचित हुए।
दरअसल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का रविवार और सोमवार को बड़सर और हमीरपुर का दौरा प्रस्तावित था। इस दौरान उन्होंने नव निर्मित मिनी सचिवालय बड़सर के भवन का लोर्कापण भी करना था। बीते शुक्रवार को यह दौरा तय हुआ था लेकिन शनिवार शाम तक बड़सर का दौरा रद्द हो गया। नोटरी ने शुक्रवार को अपना सामान नए सचिवालय भवन में शिफ्ट कर दिया था। शनिवार को भी सचिवालय बंद रहा हालांकि इस दिन कार्य कम होने से नोटरी को अधिक दिक्कत पेश नहीं आई। दौरा रद्द होने के अगले दिन रविवार के चलते सामान मिनी सचिवालय में रहा और सोमवार को सीएम सुक्खू हमीरपुर दौरे पर पहुंचे तो बड़सर के प्रशासनिक अधिकारी जिला मुख्यालय में चले गए। सुबह नौ बजे के करीब नोटरी मिनी सचिवालय पहुंचे तो यहां पर भवन में ताले लगे हुए थे। उन्होंने मौके पर कर्मचारियों से ताला खोलने का आग्रह किया लेकिन कर्मियों ने अधिकारियों के सीएम दौरे पर होने का तर्क देकर बिना आदेशों के ताला खोलने से इनकार कर दिया। ऐसे में नोटरी सोमवार को भी लोगों के कार्य नहीं कर पाए। नए सचिवालय परिसर में कार्य करने का सपना देख रहे नोटरी तीन दिनों से अपने कुर्सी टेबल और जरूरी दस्तावेजों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मिनी सचिवालय के नए भवन में सोमवार शाम तक ताले लटके रहे।
कोट
इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। प्रशासन की ओर से नोटरी को सामान रखने को लेकर कोई निर्देश नहीं दिए गए थे। इस बारे में जरूरी जानकारी लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।
-राजेंद्र गौतम, एसडीएम, बड़सर
एसडीएम बड़सर सीएम दौरे पर चले गए थे। इस कारण उनके आने के बाद गेट का ताला खोला जाना था। सामान नए सचिवालय में रखने के कोई निर्देश नहीं दिए गए थे। -सुरम सिंह, नायब तहसीलदार, बड़सर