बस अड्डा हमीरपुर के बाहर मौजूद खोखे।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर के बाहर बने खोखों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग हमीरपुर ने खोखाधारकों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। 18 जून तक यदि खोखाधारक अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो लोक निर्माण विभाग पुलिस सुरक्षा में अतिक्रमण पर जेसीबी चलाएगा। बता दें कि बस अड्डा के सामने करीब ढाई दर्जन खोखाधारक ऐसे हैं जो नई पक्की दुकानों में शिफ्ट नहीं हुए हैं।
इनमें से कई खोखाधारकों ने खोखों के वास्तविक क्षेत्र को टिन के छज्जे लगाकर बढ़ा लिया है। कई खोखाधारकों ने जहां छज्जे को बढ़ाया है वहीं कई ने खोखों के साथ सीढ़ियां बनाई हैं। इन्हें हटाने के लिए अब विभाग ने खोखाधारकों को नोटिस दिए हैं। लोक निर्माण विभाग ने लॉकडाउन से पहले भी अतिक्रमण को हटाने के लिए खोखाधारकों को नोटिस दिए थे, लेकिन लॉकडाउन लगने के कारण इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई। अब दोबारा विभाग ने नोटिस थमाकर अतिक्रमण को तोड़ने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण को तुड़वाने का खर्च खोखाधारकों को स्वयं वहन करना होगा। यदि 18 जून तक अतिक्रमण नहीं हटता है तो विभाग पुलिस की मदद से जेसीबी लगाकर खुद अतिक्रमण हटाएगा।
बता दें कि बस अड्डा के सामने 58 खोखाधारक थे। इनमें से दो दर्जन से अधिक नई पक्की दुकानों में शिफ्ट हो गए हैं, जबकि ढाई दर्जन के करीब शिफ्ट नहीं हुए हैं और पक्की दुकानों का उचित आवंटन न होने का आरोप लगाकर न्यायालय में न्याय की गुहार लगाए हुए हैं। जो दुकानदार शिफ्ट नहीं हुए हैं और इनमें से जिन्होंने भी अतिक्रमण किया है, उन्हें विभाग ने दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के एसडीओ देवराज भाटिया का कहना है कि खोखाधारकों को अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिनों का अल्टीमेट दिया है। नोटिस देकर अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। जो दुकानदार अतिक्रमण नहीं तुड़वाता है, पुलिस सुरक्षा में जेसीबी लगाकर अतिक्रमण तोड़ा जाएगा।