हमीरपुर। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के 16 सीटों वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को अपने ज्योतिष पर इतना ही भरोसा है तो तुरंत विधानसभा भंग कर चुनाव करवाएं, इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
परिधि गृह में पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश को भविष्यवाणियों की नहीं, बल्कि डीए और रोजगार की जरूरत है। उन्होंने पंचायत चुनावों में कांग्रेस की हार का दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिला और क्षेत्र में जिला परिषद की 19 सीटों में से कांग्रेस को केवल एक सीट मिली है।
उन्होंने कहा कि 16 सीटों का दावा करने से पहले मुख्यमंत्री को नादौन की 19 में से एक सीट का हिसाब देना चाहिए। राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर लगातार छह बार भारी मतों से चुनाव जीत चुके हैं और उन्होंने कभी जनता को बरगलाने का काम नहीं किया।
उन्होंने पावर प्रोजेक्टों को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए स्वर्गीय विमल नेगी मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही पुलिस हार्मनी बैंड के इंस्पेक्टर को निलंबित करने के मामले में भी सरकार को घेरा।
राजेंद्र राणा ने नगर निगम और बीडीसी चुनावों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमीरपुर सहित तीन नगर निगमों के गठन के डेढ़ साल से अधिक समय बाद भी चुनाव नहीं करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के चुनाव समय पर करवाना जरूरी है और जनता को उसका अधिकार मिलना चाहिए।