मेडिकल कॉलेज में ईएनटी ओपीडी के बाहर लगा एचओडी का नंबर।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में मरीजों और तीमारदारों को ओपीडी के बाहर या अंदर किसी भी प्रकार की परेशानी का समाधान तुरंत होगा। ओपीडी में चिकित्सक न होने या अन्य कोई परेशानी पर मरीज ओपीडी के बाहर लगे संबंधित विभाग के एचओडी के मोबाइल नंबर पर कॉल कर सकेंगे। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने लोगों की सुविधा के लिए प्रत्येक ओपीडी के बाहर संबंधित विभागाध्यक्ष का नंबर प्रिंटेड कागज पर चस्पां किया है। कई बार मरीज ओपीडी के बाहर खड़े होते हैं और चिकित्सक ओपीडी में नहीं होते हैं या देरी से आते हैं।
ऐसे में मरीज विभाग के एचओडी को कॉल कर संबंधित चिकित्सक की जानकारी ले सकते हैं या शिकायत भी कर सकते हैं। इससे मरीजों को ओपीडी के बाहर परेशान नहीं होना पड़ेगा। बता दें कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोजाना औसतन एक हजार मरीज विभिन्न ओपीडी में उपचार के लिए आते हैं। इन मरीजों को ओपीडी में समय पर चिकित्सक न होने या कई तरह की अन्य समस्याएं पेश आती हैं। ऐसे में अब मरीज एचओडी को कॉल कर समस्या का समाधान पा सकेंगे।
फिलहाल प्रिंटेड कागज पर एचओडी के नंबर लगे हैं, लेकिन शीघ्र ही डॉक्टर के नाम की प्लेट ओपीडी के बाहर लगाने की योजना अस्पताल प्रबंधन की है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुमन यादव का कहना है कि मरीजों की सुविधा के लिए एचओडी के नंबर लगाए हैं। शीघ्र ही ओपीडी के बाहर लकड़ी की प्लेटें लगाई जाएंगी। इनमें ओपीडी में बैठने वाले चिकित्सक का नाम व नंबर लगाया जाएगा, ताकि मरीजों को परेशानी न हो।