हमीरपुर। हमीरपुर से संधोल वाया सुजानपुर जा रही एचआरटीसी की सरकारी बस के पहिये भलेठ पहुंचते ही थम गए। बस दोपहर 12 बजे हमीरपुर बस अड्डे से संधोल के लिए रवाना हुई थी, लेकिन भलेठ पहुंचने के बाद अचानक खराब हो गई और आगे नहीं जा सकी।
बस के बीच रास्ते खड़े हो जाने से उसमें सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य वैकल्पिक यातायात साधनों का सहारा लेना पड़ा। इससे उन्हें अतिरिक्त समय के साथ परेशानी भी झेलनी पड़ी।
स्थानीय लोगों में अमन, प्रदीप, अर्जुन, राजन आदि ने बताया कि सरकारी बस सेवा लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। ऐसे में बीच रास्ते बस के खराब होने से यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। खासकर समय पर गंतव्य तक पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से बसों की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बीच रास्ते बसों के खराब होने की घटनाओं पर अंकुश लग सके और यात्रियों को बेहतर एवं निर्बाध परिवहन सुविधा मिल सके।
वहीं, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि मौके पर मेकेनिक को भेजा गया है। जल्द ही बस को ठीक कर लिया जाएगा।