हमीरपुर। एचआरटीसी की हमीरपुर से दोसड़का, लंबलू, चमनेड़ बाया रोली पट्टा लदरौर जाने वाली बस गत दिवस बोहणी के पास अचानक खराब हो गई। बस के खराब होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह बस रोजाना सुबह 8:30 बजे अमनेड़ से रूट पर चलती है, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते वीरवार को यह निर्धारित समय पर नहीं पहुंची। काफी देर तक बस न आने पर सवारियों ने हमीरपुर बस अड्डा में संपर्क किया, जहां से जानकारी दी गई कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यह सेवा संचालित नहीं हो पाएगी।
इसी रूट पर चलने वाली निगम की एक अन्य बस भी वीरवार सुबह कोहली के पास खराब हो गई, जिससे अमनेड़ और आसपास के क्षेत्रों से स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को मजबूरी में अन्य बसों या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एचआरटीसी की बसें आए दिन खराब हो रही हैं, जिससे यात्रियों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल ने कहा कि समस्या की जांच कर कारणों का पता लगाया जाएगा।