आगजनी से बैरी भटां में हुआ मकान व गौशाला राख,
सुबह करीब साढ़े चार बजे लगी आग, कारणों का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेेंसी
भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत भुक्कड़ पंचायत के गांव बैरी भटां में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक तीन कमरों का स्लेटनुमा मकान और गोशाला जलकर राख हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। अग्निशमन विभाग भोरंज को भी सूचना दे दी गई थी लेकिन जब तक अग्निशमन विभाग पहुंचा, मकान जलकर राख हो गया था। आग से लगभग चार लाख का नुकसान हुआ है। आग की घटना से मकान के अंदर रखी इमारती लकड़ी, घास और सारा सामान जलकर राख हो गया है। परिवार दूसरे मकानों में रह रहे थे। पशुओं को सुरक्षित बाहर निकल लिया गया।
इस बारे में पंचायत प्रधान किशोर चंद ने कहा कि हलका पटवारी को मौका देखकर नुकसान का आकलन करने को कहा गया है ताकि पीड़ित परिवार को मुआवजा मिल सके। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रधान किशोर चंद ने कहा कि उन्हें जैसे ही आग की घटना का पता चला तो वे मौके पर गए। घटना से परिवार को चार लाख का नुकसान हो गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र मुआवजे की मांग की है।