हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव हिलफेयर-2025 का आयोजन शुक्रवार को संस्थान के सभागार में किया गया। यह आयोजन सांस्कृतिक गतिविधियां एवं क्लब्स के अंतर्गत संपन्न हुआ।
इसमें छात्रों ने भांगड़ा और फ्री स्टाइल डांस के साथ मनमोहक संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य सृजनात्मकता, पहचान और संस्थान की जीवंत सांस्कृतिक भावना का उत्सव मनाना है। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और औपचारिक उद्घाटन प्रो. राकेश सहगल, निदेशक-प्रभारी, एनआईटी हमीरपुर की ओर से किया गया।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना संतोष ननोटी (रजिस्ट्रार), छात्र कल्याण डीन डॉ. वाईडी शर्मा डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. सुनील शर्मा, विभिन्न डीन, नोडल अधिकारी, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। निदेशक प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने तीन दिवसीय महोत्सव के लिए शुभकामनाएं देते हुए छात्रों के रचनात्मक प्रयासों, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की।