हमीरपुर। ऊखली पंचायत के गौटा गांव में हीटर से रजाई में लगी आग से झुलसे व्यक्ति की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। व्यक्ति करीब 70 फीसदी तक झुलस गया था। उसे पहले भोटा से हमीरपुर और फिर हमीरपुर से टांडा रेफर किया गया। यहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
शुक्रवार रात उखली पंचायत के गौटा गांव का निवासी ज्ञान चंद(65) कमरे में हीटर लगाकर सोया था। इस दौरान हीटर पर रजाई गिरने से रजाई ने आग पकड़ ली। रजाई में सोया यह व्यक्ति भी आग की चपेट में आ गया। परिजनों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक वह करीब 70 फीसदी झुलस गया। परिजन उसे भोटा अस्पताल ले आए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हमीरपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में घायल की हालत नाजुक होता देख उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया। यहां शनिवार देर शाम उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी सदर निर्मल सिंह का कहना है कि हीटर पर रजाई गिरने से व्यक्ति के कपड़ों में आग लगने से वह झुलस गया। इसकी टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।