हमीरपुर। चिकित्सकों के मांगों को लेकर एक दिन के सामूहिक अवकाश के चलते जिलाभर के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जिले में वीरवार को पीएचसी, सीएचसी व सिविल अस्पतालों में चिकित्सकों की सामूहिक हड़ताल रही। हमीरपुर मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह डोगरा के नेतृत्व में चिकित्सकों ने गांधी चौक से मेडिकल कॉलेज तक रैली निकाली। हमीरपुर मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि पूरे प्रदेश में 2600 से लेकर 2800 डॉक्टर एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे।
विभिन्न पीएचसी, सीएचसी और सीएचसी अस्पतालों में मरीज दिन भर भटकते रहे। मरीजों को इलाज नहीं मिल पाया। चिकित्सकों की कुर्सियां खाली रहीं। मरीज दिन भर देखते रहे कि चिकित्सक आएंगे और उनका इलाज करेंगे लेकिन उनके हाथ मायूसी ही लगी। हालांकि, मेडिकल कॉलेज में मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। इस बारे में हमीरपुर मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है लेकिन उनको अफसरशाही गुमराह कर रही है। इसका खामियाजा सरकार, जनता और चिकित्सकों को भुगतना पड़ रहा है। चिकित्सक भी जनता का ही हिस्सा हैं। सरकार को चाहिए कि चिकित्सकों की उचित मांगों को पूरा किया जाए। गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसमें 70 मेडिकल ऑफिसरों ने भाग लिया।