हमीरपुर। जिलाभर में शनिवार को वीर बजरंगी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। गांव से लेकर शहर तक बजरंगीबली के मंदिरों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का किया गया। कई स्थानों पर शोभायात्राएं भी निकाली गईं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटियों की ओर से सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए।
मंदिरों में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर बजरंगी बली का गुणगान किया। उपमंडल नादौन के अंतर्गत श्री बालाजी मंदिर रंगस में हनुमान जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर कमेटी की ओर से हवन यज्ञ के साथ भगवान हनुमान की मूर्ति को केसरिया रंग का चोला पहनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। मट्टनसिद्ध मंदिर परिसर में हनुमान की पूजा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारा सुबह 11:30 से लेकर शाम 4:00 बजे तक आयोजित किया गया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उपमंडल सुजानपुर और नादौन के अंतर्गत बढ़ेडा पंचायत में भी हनुमान जयंती पर भंडारा आयोजित किया गया।