सुजानपुर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत चमियाना के वार्ड नंबर तीन के गांव घिरंड में स्थित शिव मंदिर के पास लगाए नल में 45 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। 10 माह पूर्व लगाए नल में शुरू के दो महीने ही पानी आया है। इसके बाद से बंद है। मंदिर साथ बनाई गई पेयजल की टंकी भी खाली है।
स्थानीय निवासी प्रीतम चंद ने बताया कि पानी न आने को लेकर जल शक्ति विभाग पटलांदर के कार्यालय में लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। जब फोन कर अधिकारियों को पूछा जाए, तो कहा जाता है कि चेक करवाते हैं। मगर अभी तक कोई चेक करने के लिए भी नहीं आया। उधर, जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता कमलेश कुमार ने कहा कि यह नल ऊंचाई पर है और बिजली की लो वोल्टेज की समस्या होने के कारण दिक्कत होती है। बिजली की समस्या के समाधान के लिए बोर्ड को पत्र लिखा जा रहा है। संवाद