ऑनलाइन डाटा करेगी रिकाॅर्ड, शव के लिए फ्रीजर रूम की रहेगी सुविधा
नगर परिषद हमीरपुर ने मोक्षधाम निर्माण कार्य को लेकर तैयार किया प्रपोजल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में बेसहारा लोगों को सहायता के लिए नगर परिषद हमीरपुर अब अभियान शुरू करेगी। बिना परिवार सदस्यों के जीवनयापन कर रहे बेसहारा लोगों की मृत्यु होने पर उनकी अर्थी को कंधा देने के साथ अंतिम संस्कार करेगी।
इसके लिए पूरा डाटा ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शव को रखने के लिए फ्रीजर पेलेस की भी सुविधा रहेगी। इससे अपनों के इंतजार में दाह संस्कार न कर पाने वाले लोग दो से तीन दिन तक फ्रीजर रूम में शव को रख सकेंगे। नगर परिषद हमीरपुर ने शहर के मुख्य हथली खड्ड में स्थित श्मशानघाट का कायाकल्प कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रपोजल तैयार कर शहरी विकास विभाग को मंजूरी के लिए भेजी गई है।
मोक्ष धाम में एक कमरा तैयार किया जाएगा। जहां पर 15-20 बीआईपी लेगों को बैठने के लिए प्रबंध होगा। इसके अलावा मोक्षधाम में चार लोगों को तैनात किया जाएगा, ताकि दाहसंस्कार में लोगों का लकड़ी रखने, अंतिम संस्कार के बाद मोक्षधाम की साफ-सफाई सुचारू रूप से करवाई जा सके। मोक्षधाम में तैनात लोग अंतिम संस्कार के बाद लोगों का ऑनलाइन डाटा रिकाॅर्ड करेंगे, ताकि ऑनलाइन तरीके से मृतकों को डाटा नगर परिषद के पास मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त अभियान के तहत शवों को मोक्षधाम तक ले जाने के लिए हाइटैक मिनी एंबुलेंस खरीदने की भी योजना प्रस्तावित है, ताकि 11 वार्डों के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए शव को ले जाने में परेशानी न हो। इस एंबुलेंस में शव के साथ 12 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए 800 से 1000 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।
प्रपोजल मंजूरी के लिए भेजा : मनोज
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि मोक्ष धाम के जीर्णोद्धार कार्य के साथ बेसहारा शव के अंतिम संस्कार, मृतकों के ऑनलाइन डाटा रिकॉर्ड करने और शवों को रखने के लिए फ्रीजर रूम का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए प्रपोजल मंजूरी के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही कार्य को शुरू करवा दिया जाएगा।