हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कैल्शियम और विटामिन डी की गोलियों खत्म हो गई हैं। हड्डियों, जोड़ों और कमजोरी से जूझ रहे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज ऑर्थोपेडिक और जनरल मेडिसिन विभाग में इलाज के लिए पहुंचते हैं। चिकित्सकों की ओर से कई मरीजों को कैल्शियम और विटामिन डी की गोलियां नियमित रूप से लिखी जाती हैं। करीब दस दिन से दवाइयों का स्टॉक खत्म होने के कारण मरीजों को बाहर की मेडिकल दुकानों से महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
सरकारी अस्पताल में मुफ्त दवा की सुविधा मिलने की उम्मीद से वे यहां आते हैं, लेकिन जरूरी दवाएं न मिलने से आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। खासकर बुजुर्ग और ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
कैल्शियम और विटामिन डी की कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। फ्रेक्चर का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में इन दवाइयों की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है। मरीजों ने बताया कि अब तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से दस रुपये ओपीडी पर्ची शुल्क भी लिया जा रहा है। मरीजों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से जल्द से जल्द दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोट
दवाइयों की नई खेप का ऑर्डर दे दिया है। जल्द ही सप्लाई मिल जाएगी। लोगों को आसानी से दवाइयां उपलब्ध होंगी।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर