हमीरपुर खेल उत्सव में वॉलीबाल प्रतियोगिता में हुए कड़े मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हमीरपुर अणु में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित हमीरपुर खेल उत्सव में शुक्रवार को वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर पहला मुकाबला साई सेंटर हमीरपुर और हमीरपुर कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें हमीरपुर कॉलेज की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता नरेंद्र अत्री बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा शक्ति और खेल शक्ति के प्रति अपना सकारात्मक एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना,अनुशासन और निरंतर मेहनत को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। अत्री ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
इसके उपरांत विभिन्न टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान एनसीओई केंद्र प्रभारी एवं ओलंपियन दिव्या शर्मा ने कहा राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं, जिसमें जिलेभर से एथलीट भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर फुटबाल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एसडी शर्मा, फुटबाल संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेश राणा कोच नेहा सूद, मंजू, पिंकी चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।