राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभाग
हमीरपुर। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न बहुतकनीकी संस्थानों के 34 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता दो ग्रुप में आयोजित की गई।
ग्रुप-एक में यांत्रिक अभियांत्रिकी और मेकाट्रॉनिक्स के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर ने पहला, प्रगतिनगर ने दूसरा और चंबा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, ग्रुप-दो में उपकरण एवं मापन अभियांत्रिकी और विद्युत अभियांत्रिकी के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें कांगड़ा बहुतकनीकी संस्थान प्रथम, हमीरपुर द्वितीय और सुंदरनगर तृतीय स्थान पर रहा।
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही, व्यावहारिक ज्ञान, प्रतिस्पर्धा की भावना और तकनीकी कौशल को बढ़ावा मिलता है।