टौणीदेवी (हमीरपुर)। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हमीरपुर प्रवास के दौरान रविवार को दोपहर का भोजन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल आवास पर किया राज्यपाल शिष्टाचार भेंट करने पूर्व सीएम से समीरपुर स्थित आवास पहुंचे थे।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने पूर्व सीएम से पर्यावरण संरक्षण और हरित प्रदेश सहित प्रदेश के अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया। उन्होंने प्रदेश में केंद्र की जनकल्याणकारी और विकासात्मक योजनाओं पर लंबी चर्चा के दौरान फीडबैक भी लिया। इस मौके पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल की धर्मपत्नी श्रीमती शीला धूमल और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
दूसरी ओर निर्माणाधीन एनएच-03 प्रभावित पीड़ित मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री धूमल से उनके निवास में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राजमार्ग के निर्माण से हो रही असुविधाओं और प्रभावितों की समस्याओं के बारे में प्रेम कुमार धूमल को विस्तार से बताया।
एनएच-03 प्रभावित पीड़ित मंच के अध्यक्ष अमी चंद की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राजमार्ग के दोनों ओर ड्रेनेज बनाने से लोगों की मुसीबतें बढ़ जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजमार्ग की जद में आए सैकड़ों लोगों के मकान कंपनी ने तोड़ दिए हैं। तोड़े गए कई मकानों के मालिकों को मुआवजा नहीं मिला है और कई प्रभावित परिवारों को गलत एसेसमेंट के आधार पर कम मुआवजा प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि टौणीदेवी कस्बे में भी बेतरतीब दुकानों को तोड़ने से कस्बा समाप्त होने की कगार पर है। इस तरह की कई समस्याएं प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री के पास रखी।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर से लोगों की समस्याओं का निदान करवाने को लेकर प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया। सोमवार सुबह इस बाबत प्रतिनिधिमंडल प्रोजेक्ट डायरेक्टर से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में मंच के उपाध्यक्ष हाकम सिंह डोगरा, रविंद्र ठाकुर, महासचिव अजय चौहान और सलाहकार रजनीश शर्मा आदि मौजूद रहे