बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बने बहुमंजिला सराय भवन में बने लंगर हॉल में टाइलों की बजाय ग्रेनाइट लगेगा। इसके लिए न्यास प्रशासन ने 75 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। भवन का शेष कार्य शीघ्र पूरा करवाकर उसे श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया जाएगा। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस निर्माण कार्य को शुरू करवाया गया था। जिसमें लंगर भवन, पार्किंग के अलावा कर्मचारियों के लिए कांप्लेक्स बनाकर सुविधा प्रदान करने के लिए योजना बनी थी। सबसे अधिक समस्या लंगर हाल को लेकर थी। बहु मंजिला सराय के लंगर हाल में टाइल की जगह ग्रेनाइट लगा कर इस कार्य को पूरा करवाने का प्लान बनाया गया था, जिस वजह से यह कार्य अधर में रह गया था।
इसकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया। न्यास प्रशासन ने इसके लिए करीब 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस राशि के मिलने के बाद बाकी बचा कार्य पूरा करवा कर इसे श्रद्धालुओं को समर्पित करवा दिया जाएगा। बाबा बालक नाथ मंदिर अधिकारी ओपी लखनपाल ने बताया कि टाइल की जगह ग्रेनाइट लगवाने के लिए बदलाव किया गया था। जिस वजह से कार्य रुका हुआ था। उन्होंने बताया कि रुके कार्य को पूरा करवाने के लिए 75 लाख मंजूर कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बहु मंजिला सराय में जो भी कार्य पेंडिंग पड़े हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करवा कर इस भवन को श्रद्धालुओं के लिए समर्पित करवा दिया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग स्थल पर पेवर टाइल लगाई जाएंगी।