बिझड़ी में आयोजित शिविर में उपस्थित सहकारी सभा के प्रबंधक कमेटी के सदस्य व कर्मचारी। स्रोत जागर
बड़सर (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के सहकारी सभाओं के प्रबंधक कमेटी सदस्यों और कर्मचारियों के लिए शनिवार को सहकारी शिक्षा शिविर आयोजित हुआ। शिविर में सदस्यों और कर्मचारियों को विभिन्न जानकारियां दी गईं।
शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ शिमला की ओर से कालिका मंदिर टिक्कर राजपूतां में जिला सहकारी विकास संघ हमीरपुर के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी विकास संघ हमीरपुर के अध्यक्ष यशवीर सिंह पटियाल ने की, जबकि उपपंजीयक सहकारी सभाएं धर्मशाला राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में बलवंत सिंह (सहकारी शिक्षा अनुदेशक) ने प्रबंधक कमेटी के सदस्यों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने ऋण वसूली की वैधानिक प्रक्रियाओं, वार्षिक साधारण अधिवेशन तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से जन औषधि केंद्र, लोक मित्र केंद्र, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, ग्रीन स्टोर आदि खोलकर सहकारी आंदोलन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर सुरेश कुमार (निर्देशक, जिला सहकारी विकास संघ हमीरपुर), सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं हमीरपुर रवि कुमार, जिला अंकेक्षण अधिकारी राजेश कौशल, निरीक्षक विकास खंड बिझड़ी राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।