नादौन थाना परिसर में सड़क सुरक्षा नियमों पर आयोजित बैठक में उपस्थित चालक परिचालक। स्रोत जागरूक
नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन में शनिवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर बैठक हुई। बैठक में टैक्सी यूनियन व ट्राला यूनियन नादौन के पदाधिकारियों एवं चालकों के भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने की। उन्होंने चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए वाहनों को निर्धारित गति सीमा के भीतर चलाने, ओवरस्पीडिंग तथा ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहन चालकों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और यातायात नियमों का पालन करने से न केवल चालक, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। बैठक में सद्भावना नागरिक के संबंध में भी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर सड़क दुर्घटना में कोई व्यक्ति घायल हो जाता है, तो आम नागरिक बिना किसी कानूनी झंझट के उसकी सहायता कर उसे नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। ऐसे नागरिकों को कानून की ओर से संरक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।