इंद्रपाल चौक पर बच्चों सहित सह शिक्षा स्कूल करने का विरोध करते अभिभावक। स्रोत : जागरूक पाठक
नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या स्कूल नादौन को बाल स्कूल में विलय करने के फैसले के खिलाफ सोमवार को छात्राओं ने अभिभावकों के साथ इंद्रपाल चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने दोटूक कहा है कि जब तक उन्हें सरकार की ओर से लिखित में कन्या विद्यालय शुरू होने का आश्वासन नहीं मिलेगा वे धरने पर बैठी रहेंगी।
इस दौरान अभिभावकों ने भी चेतावनी दी कि कन्या स्कूल जब तक बहाल नहीं किया गया वे बेटियों को स्कूल में नहीं भेजेंगे। वे कन्या स्कूल को मर्ज कर बाल स्कूल को सह शिक्षा स्कूल करने का विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि कन्या स्कूल का अस्तित्व खत्म न किया जाए और इस स्कूल को कन्या स्कूल ही रहने दिया जाए। वे सरकार द्वारा तय किसी भी बोर्ड में बच्चों को पढ़ाने के लिए तैयार हैं लेकिन शर्त है कि कन्या स्कूल को पहले की तरह रहने दिया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की है कि नादौन में सीबीएसई के साथ हिमाचल बोर्ड का भी विकल्प दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि फिर भी उनकी बात नहीं मानी गई तो वे अपने बच्चों का नाम स्कूल से कटवा कर कहीं और दाखिला ले लेंगे। वे लोग आगे भी हर रोज इंद्रपाल चौक पर धरने पर बैठेंगे।
उधर, एसडीएम नादौन निशांत शर्मा और बाल स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्कूल में बच्चियों को किसी भी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी।