हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) हमीरपुर की सामान्य ओपीडी में जांच करवाने वाले लोगों के तीन बजे के बाद एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में तीन बजे के बाद महज आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों के ही एक्स-रे किए जाते हैं। ऐसे में तीन बजे के बाद सामान्य ओपीडी के मरीजों को एक्स-रे करवाए बिना ही घर लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार जीएमसी हमीरपुर की विभिन्न ओपीडी में औसतन 1,600 के करीब लोग जांच करवाने पहुंचते हैं। ओपीडी में अधिक भीड़ होने के कारण कई लोगों की दोपहर के बाद ओपीडी में जांच हो पाती है। ओपीडी जांच में कई बार चिकित्सक लोगों को एक्स-रे करवाने की सलाह देते हैं। अगर ओपीडी में जांच करवाने के बाद लोग एक्स-रे विभाग में तीन बजे के बाद पहुंचते हैं तो उनका एक्स-रे नहीं हो पाता है।
एक्स-रे रूम के बाहर बकायदा अस्पताल प्रबंधन ने पोस्टर चस्पा किया है कि शाम तीन बजे से पूर्व ही एक्स-रे किए जाते हैं। ऐसे में तीन बजे के बाद आने वाले मरीजों को बिना एक्स-रे करवाए ही घर लौटना पड़ रहा है और उन्हें एक्स-रे करवाने के लिए दूसरे दिन भी जीएमसी हमीरपुर का रुख करना पड़ रहा है।
मरीजों में सुरेश, विनय, लक्ष्मी, सुलोचना, प्रेमी देवी और रमा देवी आदि ने कहा कि अस्पताल में तीन बजे के बाद एक्स-रे करवाने के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक्स-रे रूम के बाहर मरीजों के बैठने के लिए कोई प्रबंध नहीं है। तीन बजे तक ही एक्स-रे किए जा रहे हैं, जिस कारण ओपीडी में जांच करवाने वाले मरीजों को तीन बजे के बाद परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि एक्स-रे करने के समय को बढ़ाकर शाम साढ़े चार किया जाए, ताकि मरीजों को लाभ मिल सके।
अस्पताल में ओपीडी काफी अधिक है। एक्स-रे की रिपोर्ट्स भी बनानी होती हैं, जिसमें समय लगता है। इसलिए ओपीडी में जांच करवाने वाले मरीजों के एक्स-रे तीन बजे तक किए जाते हैं। हालांकि अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीज का एक्स-रे करने की व्यवस्था 24 घंटे रहती है।
- डॉ. रमेश भारती, प्राचार्य, जीएमसी हमीरपुर