हमीरपुर। जिला ईवीएम और वीवीपैट भंडारण हाउस हमीरपुर में रखीं मशीनों का प्रारंभिक स्तर का निरीक्षण कार्य सोमवार को शुरू हो गया। इस मौके पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर हेमराज बैरवा, एडीसी एवं नोडल अधिकारी जितेंद्र सांजटा, निर्वाचन विभाग से नायब तहसीलदार दीपक महाजन समेत इंजीनियरों की एक टीम उपस्थित रहीं।
विधानसभा चुनावों के बाद सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को भंडारण हाउस हमीरपुर में सुरक्षित रखा गया है। मगर अब वर्ष 2024 में लोकसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी के मद्देनजर भंडारण हाउस में रखीं ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का बारीकी से निरीक्षण किया जाना है।निरीक्षण कार्य का निर्वाचन आयोग लाइव वीडियो के माध्यम से निगरानी कर रही है।
प्रारंभिक स्तर के निरीक्षण में यह देखा जाएगा कि किसी ईवीएम और वीवीपैट मशीन में कोई तकनीकी खराबी तो नहीं है। खराब मशीनों को ठीक भी किया जाएगा, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान मशीनों में कोई खामी न आए। निरीक्षण प्रक्रिया आगामी दस दिनों तक जारी रहेगी। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मॉक पोल भी किया जाएगा।
एडीसी हमीरपुर एवं नोडल अधिकारी जितेंद्र सांजटा ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट भंडारण गृह में रखीं मशीनों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार प्रारंभिक स्तर पर निरीक्षण कार्य किया जा रहा है।