हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में जल्द ही गैस्ट्रो एंडोस्कोपी की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे पेट और आंतों से जुड़ी बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने एंडोस्कोपी सुविधा के लिए कमरा नंबर 401 निर्धारित किया है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था भी की जा रही है। सुविधा के संचालन के लिए दो स्टाफ नर्स की नियुक्ति कर दी गई है।
फिलहाल एंडोस्कोपी की सुविधा सप्ताह में दो से तीन दिन उपलब्ध रहेगी। अभी इस जांच के लिए मरीजों को कई बार निजी स्वास्थ्य संस्थानों का सहारा लेना पड़ता है। निजी क्षेत्र में सामान्य एंडोस्कोपी के लिए करीब 2000 रुपये या इससे अधिक खर्च करना पड़ सकता है, जबकि जटिल प्रक्रियाओं में खर्च और बढ़ जाता है।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपी सुविधा शुरू होना जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बॉक्स
पेट की कई बीमारियों की जांच में उपयोगी
एंडोस्कोपी के माध्यम से डॉक्टर भोजन नली, पेट और छोटी आंत के शुरुआती हिस्से की अंदरुनी स्थिति को सीधे देख सकते हैं। पेट में लगातार दर्द, एसिडिटी, उल्टी, खून आने, निगलने में परेशानी या अन्य गैस्ट्रो संबंधी समस्याओं वाले मरीजों की जांच में यह सुविधा महत्वपूर्ण होती है। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक बीमारी की स्थिति के अनुसार आगे की जांच और उपचार की दिशा भी तय कर सकते हैं।
कोट
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयास कर रहा है। जल्द ही गैस्ट्रो एंडोस्कोपी आरंभ करने की तैयारी है।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर