कमलेश रतन भारद्वाज
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के जोलसप्पड़ स्थित नए कैंपस में अस्पताल और प्रशासनिक भवन में 17 करोड़ रुपये का फर्नीचर लगेगा। 17 करोड़ की अनुमानित लागत का एस्टीमेट हॉस्पिटल सर्विसिस कंसलटेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएससीसी) की ओर से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सौंपा गया है। कुछ माह पूर्व ही सरकार ने एचएससीसी के माध्यम से फर्नीचर खरीद की नोटिफिकेशन जारी की थी।
अब इस कार्य का एस्टीमेट एचएससीसी की ओर से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को मिल गया है। एस्टीमेट का प्रस्ताव मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रदेश सरकार को भेजा गया है। सरकार से प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही एचएससीसी के साथ मेडिकल कॉलेज का एमओयू साइन होगा और फर्नीचर लगाने के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रथम चरण के तहत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में 280 बेड के अस्पताल और अकादमिक भवन का निर्माण किया गया है। विभिन्न वार्ड में 240 बेड और आईसीयू और आइसोलेशन के बेड मिला संख्या 280 के करीब है।
अकादमिक भवन और अस्पताल में फर्नीचर लगाने के लिए लंबे समय से कार्य लटका हुआ है। पहले यह कार्य मेडिकल कॉर्पोरेशन के माध्यम से करवाए जाने की योजना थीए लेकिन बाद में प्रदेश सरकार ने एचएससीसी के माध्यम से इस कार्य को करवाने का निर्णय लिया। अब आखिरकार इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। उम्मीद है कि प्रदेश सरकार से प्रशासनिक मंजूरी मिलने पर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। एचएससीसी की तरफ से इसकी टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। संवाद