हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत लोगों को जल्द ही गारबेज शुल्क के भुगतान के लिए नकद राशि साथ रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। नगर निगम जुलाई से गारबेज शुल्क के ऑनलाइन भुगतान की सुविधा शुरू करने जा रहा है।
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद उपभोक्ता घर बैठे डिजिटल माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे। वर्तमान में नगर निगम के तहत सफाई कर्मचारी लोगों से दो से चार माह का गारबेज शुल्क एक साथ वसूलते हैं, जिसके चलते उपभोक्ताओं को एकमुश्त 120 से 240 रुपये तक का भुगतान करना पड़ता है।
इससे कई लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऑनलाइन भुगतान प्रणाली शुरू होने के बाद लोग अपनी सुविधा अनुसार समय पर शुल्क जमा कर सकेंगे। इससे न केवल भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल होगी, बल्कि यह व्यवस्था पारदर्शिता और दक्षता को भी बढ़ाएगी।
इसके अलावा उपभोक्ताओं को भुगतान की रसीद ऑनलाइन उपलब्ध होगी, जिससे किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना कम हो जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन भुगतान प्रणाली को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जुलाई से इसे आम लोगों के लिए लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस सुविधा के शुरू होने से उपभोक्ताओं को नकद भुगतान की परेशानी से राहत मिलेगी। संवाद