हमीरपुर। जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में की गई। बैठक में 31 मार्च को समाप्त वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक लोगों को ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए पंचायत जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के सहयोग से नियमित रूप से विशेष जागरूकता एवं ऋण आवंटन शिविर आयोजित करें।
उन्होंने कहा कि इससे जिले की क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशो में सुधार लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में कुल 1819 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।
इसके बावजूद जिले के सभी बैंकों में ऋण एवं जमा राशि का अनुपात (सीडी रेशो) लगभग 23.76 प्रतिशत रहा, जिसमें अभी काफी सुधार की आवश्यकता है।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), एससी-एसटी निगम तथा अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया। संवाद