हमीरपुर। पिता की कार चिट्टे के लिए बेचने के चर्चित मामले में पुलिस जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी महिला की सहेली भी नशे की आदी निकली है।
आरएफएसएल मंडी की रिपोर्ट में महिला समेत तीन लोगों में नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने के बाद सदर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान पूछताछ के आधार पर दो युवकों और एक युवती के रक्त के नमूने लेकर पांच जुलाई, 2025 को क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) मंडी भेजे गए थे। अब आई फॉरेंसिक रिपोर्ट में तीनों द्वारा नशीले पदार्थ का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई है।
इसके आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला पिछले वर्ष उस समय सुर्खियों में आया था, जब चार वर्षीय बच्चे की मां पर चिट्टा (हेरोइन) खरीदने के लिए अपने पिता की कार चोरी कर बेचने का आरोप लगा था।
इस संबंध में 28 जून, 2025 को सदर थाना में कार चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया था कि आरोपी महिला ने अपने एक साथी युवक के साथ मिलकर कार पंजाब के जालंधर में बेच दी थी।
बाद में जिस व्यक्ति ने कार खरीदी थी, उसे पुलिस ने मैक्लोडगंज क्षेत्र से वाहन सहित पकड़ लिया था। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर तीन अन्य संदिग्धों-एक युवती और दो युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
कोट
मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
-बलवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर