हमीरपुर। सदर थाना के तहत नीदरलैंड भेजने और वीजा लगवाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गांव बल्ह निवासी विक्की (42) की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विक्की ने बताया कि वह नीदरलैंड जाना चाहता था। इसी सिलसिले में उसने चंडीगढ़ स्थित एक इमिग्रेशन एजेंसी से संपर्क किया। शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने उसे नीदरलैंड भेजने की प्रक्रिया पूरी करवाने और वीजा लगवाने का भरोसा दिया।
वीजा प्रक्रिया के लिए उससे कुल 3.50 लाख रुपये लिए गए और बदले में नीदरलैंड से संबंधित एक ऑफर लेटर भी दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसे जुलाई-अगस्त तक वीजा आने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि तक वीजा जारी नहीं हुआ। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस मामले में शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध करवाए गए दस्तावेजों, भुगतान रिकॉर्ड, ऑफर लेटर और इमिग्रेशन एजेंसी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
कोट
मामले की जांच जारी है। शिकायत में लगाए आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा रहा है। आम लोगों से अपील है कि विदेश भेजने और वीजा दिलाने का दावा करने वाली एजेंसियों के साथ लेन-देन करने से पहले उनके दस्तावेजों, पंजीकरण और संबंधित देश की आधिकारिक वीजा प्रक्रिया की अच्छी तरह जांच करें।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर