हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पुलिस ने बाईपास पर एचआरटीसी की बस में जुआ खेलते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एचआरटीसी के कर्मी भी संलिप्त होने की आशंका है।
हालांकि एचआरटीसी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बस में बैठकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने छापामारी कर चार लोगों को जुआ खेलते हुए धर लिया। पुलिस ने चारों के पास से 2430 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
मामला सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया है।
वहीं, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राज कुमार पाठक ने कहा कि अभी आधिकारिक तौर पर पुलिस और संबंधित डिपो प्रबंधन से जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।