हमीरपुर बाजार में दमकल वाहन को गुजारने के लिए मॉक ड्रिल करते कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में दिवाली पर्व पर आग की घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग मुस्तैद हो गया है। छह नवंबर तक दमकल कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द हैं। सभी कर्मचारी छह तक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। वहीं, शहर में आग से निपटने के चार दमकल वाहन तैनात किए हैं। इनमें से एक बड़ा वाहन पटाखा मार्केट नजदीक ट्राला यूनियन के पास तैनात रहेगा। जबकि, तीन वाहन दमकल स्टेशन पर तैनात रहेंगे। इनमें से 4500 लीटर टैंक वाला एक बड़ा वाहन, एक जीप और एक मोटरसाइकल तैनात रहेगी। जरूरत पड़ने पर यह वाहन घटनास्थल की ओर रवाना होंगे। इसके अलावा जिले के अन्य हिस्सों में भी दमकल कर्मचारियों ने तैयारियां कर ली हैं।
बुधवार को दमकल विभाग ने हमीरपुर शहर से दमकल वाहन को ले जाकर मॉक ड्रिल भी की। दमकल कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षित दिवाली मनाने के लिए जागरूक भी किया। लीडिंग फायरमैन देवेंद्र भाटिया ने कहा कि हमीरपुर में चार वाहन तुरंत प्रतिक्रिया के लिए तैनात हैं। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां छह तक रद्द हैं। लोग पटाखे जलाते हुए सुरक्षा अपनाएं।
इन हेल्पलाइन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
स्टेशन फायर ऑफिस हमीरपुर -01972222533 और 101
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर- 01972222222, एंबुलेंस 108
पुलिस हेल्पलाइन-112
पुलिस कंट्रोल रूम हमीरपुर 01972224339, मोबाइल 7876916814
डॉक्टर की सलाह
धुएं से सांस रोगियों की बढ़ सकती समस्या : डॉ. बाबेश
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. बाबेश बरवाल ने कहा कि सांस के रोगियों के लिए पटाखों का धुआं और अधिक दिक्कत कर सकता है। ऐसे में यह लोग पटाखों खासकर अधिक धुएं वालों पटाखों से दूर रहें। छोटे बच्चों को भी बड़े पटाखे जलाने न दें। छोटे पटाखे भी माता-पिता अपनी निगरानी में जलवाएं। अगर पटाखे के कारण कोई झुलस जाता है तो टूथपेस्ट आदि न लगाएं। अगर कोई एंटीसेप्टिक क्रीम है तो वह लगा सकते हैं, तुरंत अस्पताल में दिखाएं।