सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सौर वार्ड से पूर्व में जिला परिषद रहे एक भाजपा नेता को वीरवार को भोटा पुलिस ने चेक बाउंस मामले में अदालत की ओर से जारी गैर जमानती समन के आधार पर गिरफ्तार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई है। भाजपा नेता पर कुछ समय पूर्व सरकारी सीमेंट के दुरुपयोग का भी मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा उस पर जालसाजी के और भी मामले दर्ज हैं।
संबंधित भाजपा नेता एक एनजीओ भी चलाता है और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल बड़े नेता के करीबियों में भी शुमार है। भोटा चौकी प्रभारी अजायब सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चेक बाउंस मामले में अदालत में पेश न होने के चलते उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। वीरवार सुबह उन्होंने जाल बिछाकर दबोचा और अदालत मे पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई है।