कई जगहों पर टूट कर नालियों में गिरी है स्लैब, नहीं हो रही मरम्मत
रात के समय में राहगीरों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते नादौन से भोटा चौक पर फुटपाथ की हालत खस्ताहाल खस्त हो गई है। कई जगहों पर फुटपाथ की स्लैब टूटकर नालियों में गिरी हुई है। इस कारण हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है, लेकिन विभागीय अधिकारी मूक दर्शक बने हुए हैं।
चार वर्ष पहले फुटपाथ का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया गया है। कुछ समय पूर्व नादौन चौक से डांगक्वाली चौक पर फुटपाथ टूटा हुआ था, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने फुटपाथ का मरम्मत कार्य करवाया दिया। अब नए सिरे से फुटपाथ की मरम्मत को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में राहगीरों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दुकानदारों रजनीश, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार, रोशन, सोहन, लक्की और सोनू ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से फुटपाथ के निर्माण कार्य के दौरान कुछ जगह पर कार्य को अधूरा रखा गया है। ऐसे में फुटपाथ जगह-जगह से टूटा हुआ है। फुटपाथ में कुछ जगह स्लैब भी नहीं डाला गया है। इस कारण राहगीरों के साथ दुकानदारों को भी दिक्कत पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि बस अड्डा से भोटा चौक को जाने वाले फुटपाथ में रात के समय में टूटे हुए फुटपाथ पर कोई भी व्यक्ति गिर सकता है। कईं बार प्रशासन और संबंधित विभाग से समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
कोट
जर्जर फुटपाथ की समस्या ध्यान में है। बस अड्डा से भोटा चौक फुटपाथ का मरम्मत कार्य शुरू करवाया जाएगा। विभाग की ओर से ही फुटपाथ का निर्माण कार्य करवाया गया है। अब खस्ताहाल फुटपाथ की मरम्मत करवाई जाएगी, ताकि राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
संजय कटोच, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग हमीरपुर